लापरवाही पर एसपी की गाज गिरी
कुंडा के मनगढ़ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मृत्युंजय पाण्डेय निलंबित
प्रतापगढ़। कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता बरतने पर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कुंडा थाना क्षेत्र के मनगढ़ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक ना०पु० मृत्युंजय पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए पुलिस अधिकारियों की नियमित समीक्षा की जा रही है।
इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी कुंडा की जांच में पाया गया कि पीएनओ-192616140 उ0नि0 मृत्युंजय पाण्डेय द्वारा थाना कुंडा पर पंजीकृत मु0अ0सं0 134/2026, 252/2026 एवं 257/2026 की विवेचनाओं में अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु प्रभावी प्रयास नहीं किए गए। साथ ही पर्यवेक्षण अधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन भी नहीं किया गया।
उक्त कृत्य को पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता एवं स्वेच्छाचारिता मानते हुए इसे गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखते हुए एसपी ने निलंबन की कठोर कार्रवाई की है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विभागीय जांच भी आरंभ कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने स्पष्ट किया कि कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा स्वेच्छाचारिता किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। कार्य में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।