आकांक्षी जिला कार्यक्रम
==
सभी विभाग सटीक डेटा प्रस्तुत करें, कोताही ना बरतें - संयुक्त सचिव श्री कुमार
==
नीति आयोग संयुक्त सचिव ने ली समीक्षा बैठक, दिए अहृम दिशा-निर्देश
==
डेटा के आधार पर नीति तैयार होती है, डेटा से ही नीति आयोग में निर्णय लिये जाते हैं, सभी विभाग सटीक डेटा प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें, इसमें कोताही ना बरतें। इस आशय के निर्देश आज जिला कार्यालय सभाकक्ष में महिला एवं बाल विकास भारत सरकार मंत्रालय के संयुक्त सचिव और केंद्रीय प्रभारी अधिकारी (CPO), अजीत कुमार ने स्वास्थ्य, महिला बाल विकास एवं अन्य संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। उन्होंने कहा सभी विभाग डेटा क्वालिटी में सुधार सुनिश्चित करें। इस अवसर पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, सी.ई.ओ. जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे खासतौर पर मौजूद रहे।
स्वास्थ्य संकेतकों की समीक्षा में डेटा गुणवत्ता पर सख्ती
महिला एवं बाल विकास भारत सरकार मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री अजीत कुमार ने नीति आयोग में शामिल स्वास्थ्य सूचकांकों की गहन समीक्षा की। समीक्षा के दौरान पोर्टल पर प्रदर्शित आंकड़ों की तुलना वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्राप्त उपलब्धियों से की गई, जिसमें विशेष रूप से लिंगानुपात, संस्थागत प्रसव, जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान संकेतकों के आंकड़ों में अपेक्षित साम्य नहीं पाए जाने पर उन्होंने अप्रसन्नता व्यक्त की। संयुक्त सचिव श्री कुमार ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से इस संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए डेटा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, कार्य-दायित्वों के प्रति गंभीर रहकर इसमें अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए।
एनीमिया प्रबंधन के परिणामों का माँगा विश्लेषण
समीक्षा के दौरान एनीमिया संबंधी आंकड़ों का भी गहन विश्लेषण किया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि एनीमिया चिन्हित गर्भवती महिलाओं में गंभीर (Severe) एनीमिया से मध्यम (Moderate) एवं हल्के (Mild) एनीमिया श्रेणी में आए मामलों का पृथक विवरण एवं विश्लेषण प्रस्तुत किया जाए, ताकि उपचार एवं इस संबंध में की गई गतिविधियां की प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया जा सके।
उन्होंने इस अवसर पर शिक्षा, कृषि सहित अन्य विभागों के डाटा पर समीक्षा करते हुए कहा आगामी बैठक में डाटा गुणवता पूर्ण रहे, सभी अधिकारी सुनिश्चित करें। संयुक्त सचिव ने कहा सभी अधिकारी मेहनत और गंभीरता से काम करें। क्वालिटी डेटा पर विशेष ध्यान दें और फील्ड पर भी अच्छा काम सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान आगनंबाडी केन्द्रों के अपडेशन के लक्ष्य के विरूद्ध प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा गया इसमें समय सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
#Damoh
Damoh, Madhya Pradesh | Jun 25, 2026