अमरोहा पुलिस ने वायरल स्टंटबाज से कान पकड़कर मंगवाई माफी:कार सीज, लगा जुर्माना; मुकदमा दर्ज
अमरोहा की रजबपुर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल एक स्टंट वीडियो पर त्वरित कार्रवाई की है। इस वीडियो में एक युवक राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर चलती कार की खिड़की से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट कर रहा था, जिससे उसकी और अन्य राहगीरों की जान को खतरा पैदा हो गया था।
पुलिस ने जांच के बाद चालक की पहचान समीर (21 वर्ष), पुत्र मुनव्वर, निवासी मोहल्ला अतरपुरा, थाना गजरौला, जनपद अमरोहा के रूप में की। पुलिस चालक और कार को थाना रजबपुर ले आई। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहन पर जुर्माना लगाया और कार को सीज कर दिया। चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस के सामने कान पकड़कर माफी भी मांगी। रजबपुर पुलिस ने सार्वजनिक मार्ग पर स्टंटबाजी कर जनसुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।अमरोहा पुलिस ने आज शुक्रवार सुबह 10 बजे लोगों से सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी न करने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे कृत्य न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि स्वयं और अन्य लोगों की जान को भी गंभीर खतरे में डालते हैं। भविष्य में इस प्रकार की हरकत करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Amroha, Amroha | Jul 10, 2026