छठ... सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि बिहार की आत्मा, लोकसंस्कृति और जन-जन की अटूट आस्था का महापर्व है। यह वह पावन अवसर है, जब अपनी मिट्टी की पुकार पर देश-दुनिया में बसे बिहारवासी अपनों के बीच लौटते हैं। इस बार बिहार लौटने वाले हर यात्री का स्वागत अपनी समृद्ध परंपरा और आत्मीयता के साथ किया जा रहा है। बिहार सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन, जमुई द्वारा विभिन्न स्थानों पर आकर्षक तोरण द्वार बनाए गए हैं। देवघर-चकाई मुख्य मार्ग पर माधोपुर का भव्य स्वागत द्वार छठ के पारंपरिक गीतों और मनमोहक सजावट के माध्यम से बिहार की धरती पर कदम रखने वाले प्रत्येक अतिथि का अभिनंदन कर रहा है। तोरण द्वार के आसपास जमुई के प्रमुख प्राकृतिक एवं धार्मिक पर्यटन स्थलों की आकर्षक झलकियां भी प्रदर्शित की गई हैं, ताकि श्रद्धालु छठ की आस्था के साथ जमुई की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत से भी परिचित हो सकें। वहीं, छठ घाटों की साफ-सफाई, साज-सज्जा और शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए भी विशेष प्रयास किए गए हैं, ताकि प्रत्येक व्रती और श्रद्धालु स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण में इस महापर्व को मना सके। क्योंकि छठ में हर आस्था अनमोल है, हर श्रद्धालु सम्मान का अधिकारी है और अपनी मिट्टी में लौटने वाला हर व्यक्ति अपना है। इसी आत्मीय भावना के साथ बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, जमुई अपनों के स्वागत और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।
🙏 अपनी मिट्टी में आपका स्वागत है... आपका अभिनंदन है! 🙏
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Art, Culture and Youth Department, Government of Bihar
Jamui, Bihar | Nov 13, 2026