➡️ बैतूल की स्वाति बनीं मिसाल, कच्ची घानी यूनिट से साकार हुआ आत्मनिर्भरता का सपना
➡️ 10 लाख के लोन से शुरू किए कारोबार से अब हर महीने 60 हजार की हो रही आमदनी, 8 युवाओं को मिला रोजगार
शासन की योजनाएं यदि सही मार्गदर्शन और मेहनत के साथ जुड़ जाएं तो स्वरोजगार के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। इसका उत्कृष्ट उदाहरण बैतूल के देशबंधु वार्ड निवासी श्रीमती स्वाति बारस्कर हैं, जिन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना के तहत कच्ची घानी तेल इकाई स्थापित कर अपनी आय बढ़ाने के साथ- साथ स्थानीय युवाओं को भी रोजगार उपलब्ध कराया है।
श्रीमती स्वाति बारस्कर ने बताया कि लॉकडाउन के बाद उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में उन्होंने पीएमएफएमई योजना के तहत 10 लाख रुपए का ऋण प्राप्त कर लकड़ी की कच्ची घानी तेल यूनिट शुरू की। इस परियोजना में उन्हें स्वीकृत ऋण पर 35 प्रतिशत अनुदान के रूप में 2.60 लाख रुपए की सहायता भी मिली। वर्तमान में उनकी इकाई में सरसों तेल, जगनी तेल, सूरजमुखी तेल, नारियल तेल, सेफ फ्लावर तेल सहित विभिन्न प्रकार के शुद्ध खाद्य तेलों का उत्पादन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि तेल निर्माण के लिए किसानों से सीधे कच्चा माल खरीदा जाता है। पारंपरिक लकड़ी घानी तकनीक से तेल निकालकर उसकी पैकेजिंग की जाती है और फिर बाजार में बिक्री की जाती है। बैतूल के गंज क्षेत्र में उनका स्वयं का आउटलेट भी संचालित है, जहां से उत्पादों की मार्केटिंग की जाती है। इसके अलावा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की दुकानों तथा जिले के बाहर भी उनके उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है। श्रीमती बारस्कर ने बताया कि इस व्यवसाय से उन्हें प्रतिमाह लगभग 50 से 60 हजार रुपए की आय प्राप्त हो रही है। साथ ही उनकी यूनिट के माध्यम से लगभग 8 स्थानीय युवाओं को रोजगार मिला है।
➡️ अवशेष खल्ली की पशु आहार के रूप में बिक्री
श्री रविन्द्र बारस्कर ने बताया कि लोगों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण तेल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह इकाई स्थापित की गई है। किसानों से प्राप्त तिलहन और फल्लीदाने को लकड़ी घानी मशीन से क्रश कर तेल तैयार किया जाता है। तेल निकालने के बाद बचने वाले अवशेषों खल्ली की पशु आहार के रूप में बिक्री की जाती है, जिससे अतिरिक्त आय प्राप्त होती है। श्रीमती स्वाति बारस्कर ने पीएमएफएमई योजना से महिलाओं को आर्थिक सशक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया है।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Horticulture, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
2.4k views | Betul, Madhya Pradesh | Jun 14, 2026