सीआईसी में गूंजा "एक स्वर, एक संविधान" का नारा, सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने एक साथ पढ़ी संविधान की प्रस्तावना*
*अपर जिला जज ने दिलाई शपथ, जिले के कई विद्यालयों की रही सहभागिता, विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए हुआ सामूहिक पाठ*
चित्रकूट, संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को चित्रकूट इंटर कॉलेज करवी का प्रांगण देशभक्ति और संविधान के मूल्यों के रंग में रंग गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार यहां प्रातः *08:55 से 09:05 बजे तक* "एक स्वर, एक संविधान" कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ आयोजित किया गया।
जैसे ही घड़ी में 08:55 बजे, पूरा विद्यालय प्रांगण एक स्वर में गूंज उठा। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, न्यायिक अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने एक साथ खड़े होकर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया।
*अपर जिला जज ने शपथ दिलाई, कहा - संविधान सिर्फ किताब नहीं, भारत की आत्मा है*।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिला जज रेनू मिश्रा ने उपस्थित सभी लोगों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज का दिन हम सबके लिए बहुत ही गौरव का दिन है। 26 नवंबर 1949 को हमारे संविधान को अपनाया गया था। यह वही संविधान है, जिसने हर नागरिक को बराबर का अधिकार दिया, चाहे वह अमीर हो या गरीब, किसी भी जाति-धर्म का हो। उन्होंने कहा कि संविधान सिर्फ एक किताब नहीं है, यह भारत की आत्मा है। इसमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के जो मूल्य दिए गए हैं, वही हमारे देश की असली ताकत हैं।
यहां उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं से कहना चाहती हूं कि आप देश का भविष्य हैं। आप संविधान को सिर्फ पढ़ें नहीं, बल्कि उसे समझें और अपने जीवन में उतारें। जब आप अपने कर्तव्यों को निभाएंगे, तभी आपके अधिकारों की रक्षा होगी। आज जब पूरा देश एक स्वर में, एक ही समय पर प्रस्तावना पढ़ रहा है, तो यह केवल एक कार्यक्रम नहीं है, यह भारत की एकता का प्रतीक है। हम सब अलग-अलग भाषा, अलग-अलग वेशभूषा के हो सकते हैं, लेकिन संविधान हम सबको एक सूत्र में बांधता है।
मैं उम्मीद करता हूं कि आप सब यहां से यह संकल्प लेकर जाएंगे कि संविधान का सम्मान करेंगे, कानून का पालन करेंगे और देश को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देंगे।"
शपथ दिलाते समय पूरा प्रांगण "हम, भारत के लोग..." के उद्घोष से गूंज उठा। छात्रों ने हाथ उठाकर संविधान के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
जिला विद्यालय निरीक्षक रवि शंकर ने कहा कि इस कार्यक्रम में केवल चित्रकूट इंटर कॉलेज करवी ही नहीं, बल्कि जिले के कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी सहभागिता की। सभी विद्यालयों में एक ही समय पर प्रस्तावना का पाठ किया गया, ताकि सामूहिक सहभागिता से विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने का प्रयास सफल हो सके।
छात्रों में इस कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कई छात्रों ने कहा कि पहली बार इतनी बड़ी संख्या में एक साथ प्रस्तावना पढ़कर उन्हें गर्व महसूस हुआ।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्रकूट इला चौधरी ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। आज की युवा पीढ़ी को संविधान के प्रति जागरूक करना बहुत जरूरी है। जब पूरा देश एक ही समय पर एक ही स्वर में प्रस्तावना पढ़ेगा, तो यह एकता और अखंडता का बड़ा संदेश जाएगा।
गीतकार राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षक लालमन ने देश व्यवस्था के लाने जो बना दिवो विधान, वह है अपनो संविधान गीत सुनाकर कार्यक्रम में चार चांद लगाने का काम किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने संविधान के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव इला चौधरी, पीएलवी बलबीर सिंह क्षेत्राधिकारी यातायात करिश्मा गुप्ता, मुख्यमंत्री पुरस्कार से सम्मानित प्रधानाचार्य जेपी मिश्रा, सुरेंद्र कुमार जिला सूचना अधिकारी, प्रधानाचार्य डॉक्टर रणवीर सिंह चौहान श्रीनिवास त्रिपाठी अनुशासन अधिकारी फूलचंद चंद्रवंशी, प्रवक्ता विजय कुमार पांडे जयशंकर प्रसाद ओझा डॉक्टर प्रदीप सिंह, प्रोफेसर रामगोपाल दुबे रामबचन सिंह, एनसीसी अधिकारी सुनील शुक्ला, ऋषि कुमार शुक्ला, रामेश्वर प्रसाद प्रजापति डॉक्टर ज्ञानेंद्र चौधरी शंकर प्रसाद यादव रमेश सिंह डॉक्टर आलोक शुक्ला आदि सहित हजारों छात्र छात्राएं व एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।
वहीं आयुष्मान वानपृष्ठ विश्वविद्यालय के निदेशक बलवीर सिंह की पहल पर नगर के शंकर बाजार स्थित दृष्टिहीन बालिका विद्यालय,साधो प्रसाद पब्लिक स्कूल, भाभा कान्वेंट स्कूल एसडीएम कॉलोनी कर्वी,आर्किड पब्लिक स्कूल, पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय कछार पुरवा और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय शिवरामपुर में भी संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की प्रस्तावना को दोहराया गया और संविधान में दिए गए कर्तव्यों की शपथ ली गई।
फोटो परिचय :* चित्रकूट इंटर कॉलेज करवी में "एक स्वर, एक संविधान" कार्यक्रम के दौरान प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करते छात्र-छात्राएं व शिक्षक।