शाहजहांपुर: जानलेवा हमले के मामले में वांछित अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार
शाहजहांपुर। थाना रामचन्द्र मिशन पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में वांछित अभियुक्त शीबू उर्फ आजम को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर 2026 को पंकज पुत्र पुत्तूलाल निवासी बाकरजई, थाना कोतवाली ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि शीबू उर्फ आजम, नईम और कुछ अज्ञात लोगों ने उसके भाई नीरज के घर में घुसकर चाकू से जानलेवा हमला किया, जिसमें नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में थाना रामचन्द्र मिशन में मु0अ0सं0 177/2026, धारा 333/109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को प्रभारी निरीक्षक रामचन्द्र मिशन पुलिस बल के साथ हरदोई चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित शीबू उर्फ आजम सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल से हरदोई रोड की ओर आ रहा है।
पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा करने पर वह हाईवे से बड़े गांव वाले कट की ओर कच्चे रास्ते पर मुड़ गया। पुलिस के अनुसार, कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिरने के बाद अभियुक्त ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लगी।
पुलिस ने घायल अभियुक्त को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल शाहजहांपुर में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त के कब्जे से तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद हुई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
#Shahjahanpur #ShahjahanpurPolice #PoliceEncounter #Encounter #CrimeNews #UPPolice #RamChandraMission #CrimeNewsUP #BreakingNews #UttarPradesh