#रेवतीपुर: फर्जी नौकरी का खेल! गैंगलीडर विनोद की 4.40 करोड़ की संपत्ति कुर्क.....
रेवतीपुर। फर्जी नौकरी दिलाने के नाम पर रकम वसूलने के आरोपों में घिरे गैंगलीडर विनोद कुमार गुप्ता के खिलाफ गाजीपुर पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गहमर व रेवतीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने राजस्व विभाग के साथ मिलकर 4.40 करोड़ रुपये कीमत की अचल संपत्ति कुर्क की।
पुलिस के अनुसार विनोद कुमार गुप्ता निवासी नगदिलपुर उर्फ दुल्लहपुर, थाना रेवतीपुर, फर्जी नौकरी का झांसा देकर लोगों से मोटी रकम वसूलता था। इसके लिए वह ‘ऊं श्री बक्सू बाबा एकेडमी’ संचालित करता था और कथित तौर पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर रकम लेता था।
जिलाधिकारी गाजीपुर के कुर्की आदेश के तहत गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) में यह कार्रवाई की गई। कुर्क संपत्ति में उतरौली में करीब 1.10 करोड़ और दुल्लहपुर में करीब 3.30 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि शामिल है।
पुलिस के मुताबिक विनोद के खिलाफ रेवतीपुर थाने में 15 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।
कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी जमानियां, गहमर व रेवतीपुर पुलिस तथा सेवराई तहसील की राजस्व टीम शामिल रही।
#गाजीपुर #गहमर #रेवतीपुर #GhazipurNews