किसानों की लाश पर बिछेगी बिजली की लाइन
निजीकरण के ख़िलाफ़ आंदोलन होगा, कुर्बानी होगी : रतन मान
गरीब की सब्सिडी और किसान के ट्यूबवेल पर डाका
-गुरुग्राम-नूंह की बिजली 25 साल के लिए निजी कंपनी के हवाले करने पर भड़के बीकेयू प्रदेश अध्यक्ष रतन मान
-किसान की छाती पर गड़ेगा प्राइवेट पोल तो आर-पार की लड़ाई होगी
-उद्योगपति से लेकर रेहड़ी वाले तक को लगेगा महंगी बिजली का करंट, 4717 करोड़ की लूट की स्क्रिप्ट तैयार
भाकियू प्रदेश अध्यक्ष रत्तन मान बोले, फैसला वापस लो वरना हजारों किसान देंगे कुर्बानी
-व्यापार मंडल और आरडब्ल्यूए भी आएं साथ, महापंचायत में होगा हरियाणा बंद का ऐलान
गुरुग्राम / नूंह : ( सतीश गढ़ी बीरबल ) हरियाणा की बिजली व्यवस्था को बेचने का सबसे बड़ा आदेश जारी हो गया है। हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग ने इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को गुरुग्राम और नूंह जिले में 25 साल तक बिजली बांटने का समानांतर लाइसेंस दे दिया है। कागजों में कहा जा रहा है कि जनता को विकल्प मिलेगा। जमीन पर सच्चाई यह है कि 8.3 लाख परिवारों की किस्मत एक प्राइवेट कंपनी के हाथ में सौंप दी गई है।
इस फैसले ने पूरे प्रदेश में आग लगा दी है। भारतीय किसान यूनियन हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष रत्तन मान ने इसे आजाद भारत के बाद बिजली क्षेत्र का सबसे बड़ा विश्वासघात बताया है।
रत्तन मान ने कहा कि सरकार कह रही है 4717 करोड़ का निवेश आएगा। उन्होंने सवाल किया कि ये निवेश क्या कंपनी अपने घर से लाई है? ये पैसा हमारे खून-पसीने से वसूला जाएगा। आज पोल गाड़ेगी, कल तार खींचेगी और परसों हर घर में महंगा स्मार्ट मीटर लगाकर लूट शुरू कर देगी।
किसान और गरीब पर सबसे बड़ी मार
रतन मान ने कहा कि किसान को ट्यूबवेल पर सब्सिडी मिलती है। नूंह जैसे पिछड़े जिले में गरीब आदमी को 2 रुपये यूनिट बिजली मिलती है। आधी रात को भी लाइनमैन खेत में जाता है। प्राइवेट कंपनी क्या करेगी? उसका तो एक ही धर्म है - मुनाफा।
नूंह का किसान पहले ही पानी के लिए तरस रहा है। अब उसे बिजली के लिए भी तरसाया जाएगा। कंपनी कहेगी - ग्रीन एनर्जी है, 12 रुपये यूनिट लो। गरीब आदमी कहां से देगा 12 रुपये? उसकी सब्सिडी कौन देगा? सरकार ने आज तक लिखित में नहीं कहा कि सब्सिडी जारी रहेगी। इसका मतलब साफ है - सब्सिडी खत्म करने की तैयारी है।
बिजनेसमैन भी नहीं बचेगा, सबकी जेब कटेगी
रत्तन मान ने कहा कि गुरुग्राम के बड़े-बड़े बिजनेसमैन, मानेसर के उद्योगपति, सोहना और पटौदी के छोटे दुकानदार बहुत खुश हो रहे हैं कि 24 घंटे बिजली मिलेगी। उनको नहीं पता कि 24 घंटे बिजली के नाम पर 24 घंटे लूट मिलेगी।