भारत को एकता के सूत्र में बांधती है हिंदी : डॉ. श्रवसुमी कुमारी
राष्ट्रीय हिंदी दिवस पर हिंदी सप्ताह समारोह का हुआ समापन, सफल प्रतिभागियों को मिले प्रमाण पत्र
लखीसराय/बड़हिया। राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर सोमवार को बड़हिया स्थित जगदंबा हिंदी पुस्तकालय में आयोजित हिंदी सप्ताह समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुनील कुमार, डीएम शैलेन्द्र कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राजीव कुमार, जीडी कॉलेज बेगूसराय की हिंदी व्याख्याता सह मुख्य वक्ता डॉ. श्रवसुमी कुमारी एवं बीडीओ राकेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. अंजनी कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन शिक्षक घनश्याम कुमार ने किया। राजकीय सम्मान प्राप्त शिक्षक पीयूष कुमार झा ने मंगलाचरण एवं शंखनाद प्रस्तुत किया। शिव गुरु कंप्यूटर सेंटर की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए डीएम शैलेन्द्र कुमार ने हिंदी सप्ताह के आयोजन को सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी में हिंदी के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने पुस्तकालय के विकास एवं उन्नयन में जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
मुख्य वक्ता डॉ. श्रवसुमी कुमारी ने कहा कि हिंदी विभिन्न भाषाओं और संस्कृतियों को जोड़ने वाली भाषा है। हिंदी भारत को एकता के सूत्र में बांधने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि हिंदी को रोजगारपरक शिक्षा का प्रभावी माध्यम बनाया जाए तो युवाओं में इसके प्रति आकर्षण और बढ़ेगा। हिंदी के उत्थान के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है।
समारोह के दौरान हिंदी सप्ताह के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर पुस्तकालय अध्यक्ष शेखर कुमार, सचिव सुरेश प्रसाद सिंह, डॉ. रामप्रवेश सिंह, श्रवण कुमार, उमाशंकर सिंह, राजा कुमार, राहुल कुमार समेत कार्यकारिणी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Lakhisarai, Lakhisarai | Sep 14, 2026