पांगी में तीन दिवसीय प्रवास के दौरान भाजपा ने तेज की बूथ स्तर की तैयारियां, विपिन परमार और डॉ. जनक राज ने किया कार्यकर्ताओं से संवाद
किलाड़/पांगी, 30 सितंबर।
कांगड़ा-चंबा जिला भाजपा प्रभारी एवं पूर्व मंत्री विपिन परमार तथा पांगी के विधायक डॉ. जनक राज का तीन दिवसीय पांगी दौरा बुधवार को संपन्न हो गया। प्रवास के दौरान भाजपा नेताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ स्तर की तैयारियों और आगामी चुनावों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ व्यापक संवाद किया। इस दौरान पांगी भाजपा मंडल का शीर्ष नेतृत्व भी उनके साथ मौजूद रहा।
विपिन परमार 28 सितंबर को पांगी पहुंचे थे। दौरे के पहले दिन उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आगामी चुनावों की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने आम कार्यकर्ताओं से पार्टी संगठन के साथ मिलकर कार्य करने और संगठनात्मक गतिविधियों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया।
पंचायत समिति चुनाव में भाजपा की जीत के बाद विजय रैली में हुए शामिल
29 सितंबर को विपिन परमार और विधायक डॉ. जनक राज ने पांगी पंचायत समिति अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया में हिस्सा लिया। चुनाव परिणाम में भाजपा समर्थित शक्ति ठाकुरवान अध्यक्ष तथा मान सिंह उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित विजय रैली में दोनों नेताओं ने भाग लिया।
दौरे के दौरान भाजपा नेताओं ने मां मिन्धलवासिनी मंदिर में भी माथा टेका और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
सुराल, रेई और शौर में बूथ बैठकों पर फोकस
प्रवास के अंतिम दिन बुधवार को विपिन परमार ने सुराल का दौरा किया और बूथ स्तर की बैठक में कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने एक निजी कार्यक्रम में भी भाग लिया।
इसके बाद उन्होंने रेई बूथ की बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान दो बहनों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी के साथ जुड़ने की घोषणा की। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका पार्टी में स्वागत किया।
दिन के अंतिम चरण में विपिन परमार शौर पहुंचे, जहां उन्होंने बूथ स्तर की बैठक में कार्यकर्ताओं से संवाद किया। बैठकों में बूथ संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए संगठन को तैयार रखने पर चर्चा हुई।
शौर में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद विपिन परमार केलांग के लिए रवाना हो गए।
तीन दिवसीय प्रवास के दौरान स्थानीय विधायक डॉ. जनक राज तथा पांगी भाजपा मंडल के शीर्ष पदाधिकारी लगातार उनके साथ रहे। भाजपा नेताओं के इस दौरे को संगठनात्मक स्तर पर कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद और बूथ स्तर की गतिविधियों को गति देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना गया।
#BJP #Pangi #HimachalPradesh #VipinParmar #DrJanakRaj हिम संदेश Pangi Valley Tribal Live News Vipin Singh Parmar Janak Raj
Saach, Chamba | Oct 1, 2026