सिमरी बख्तियारपुर में मां काली की भक्ति में झूमे श्रद्धालु, धनंजय और स्मृति विष्णु के भजनों ने बांधा समां
गुदरी हाट स्थित काली मंदिर में चार दिवसीय काली पूजा के दौरान भव्य भजन संध्या का आयोजन, देर रात तक भक्ति गीतों पर झूमते रहे श्रद्धालु।
सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा)। नगर परिषद क्षेत्र के गुदरी हाट स्थित काली मंदिर में आयोजित चार दिवसीय काली पूजा के दौरान सोमवार की शाम भक्ति और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। मां काली की पूजा-अर्चना के बाद आयोजित भव्य भजन संध्या में श्रद्धालु देर रात तक भक्ति के रंग में सराबोर रहे। भजन संध्या की शुरुआत गायक विष्णु बेदर्दी ने भगवान गणेश की वंदना से की। इसके बाद धनंजय बेदर्दी ने ‘जय काली कलकत्ते वाली, तेरा वचन न जाए खाली’ और ‘मां शेरावाली तेरा शेर आ गया’ जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल भक्तिमय बना दिया। वहीं, भजन गायिका स्मृति सिंह ने ‘अंबे तू है जगदंबे काली, जय दुर्गे खप्पर वाली’ सहित मां काली और माता रानी की महिमा पर आधारित कई भजनों की प्रस्तुति दी। कोलकाता से आए कलाकारों की आकर्षक धार्मिक झांकियां भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं। कलाकारों ने सुंदर वेशभूषा और साज-सज्जा के साथ विभिन्न धार्मिक प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान काली पूजा मेला समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र भगत, राजेश पोद्दार, राहुल सेम, सुभाष चंद्र, जनार्दन यादव सहित समिति के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर जय माता दी और मां काली के जयकारों से गूंजता रहा।
Kahara, Saharsa | Nov 11, 2026