:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में 125 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण
वार्ष्णेय कल्याणकारी समाज व आर्य समाज के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन
पलवल। वार्ष्णेय कल्याणकारी समाज एवं आर्य समाज शहर पलवल के संयुक्त तत्वावधान में पथली गेट स्थित श्री दयानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में फरीदाबाद से पहुंची एक निजी अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया।
वार्ष्णेय कल्याणकारी समाज के जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश वार्ष्णेय ने बताया कि संस्था की ओर से पिछले तीन वर्षों से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य ऐसे लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाना है, जो आर्थिक परिस्थितियों या अन्य कारणों से अस्पताल तक नहीं पहुंच पाते।
कार्यक्रम संयोजक राम प्रसाद वार्ष्णेय ने कहा कि समाज में कार्य करते हुए यह महसूस किया गया कि आर्थिक तंगी अथवा परिवार के सदस्यों की व्यस्तता के कारण कई लोग समय पर अस्पताल जाकर अपनी स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते। ऐसे लोगों को उनके घर के नजदीक ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि यह संस्था का तीसरा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर है, जिसमें करीब 125 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और चिकित्सकों से आवश्यक परामर्श लिया।
शिविर को सफल बनाने में कार्यकारी अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक राम प्रसाद वार्ष्णेय, अध्यक्ष वेद प्रकाश वार्ष्णेय, डॉ. देवेश कुमार, महासचिव देवेश कुमार तथा कोषाध्यक्ष उमेश चंद्र गुप्ता का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर आर्य समाज पलवल से यशवीर आर्य, मास्टर घनश्याम दास, यशपाल मंगला, दिनेश चंद्र मंगला सहित विद्यालय के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Palwal, Palwal | Sep 21, 2026