व्यवहार न्यायालय कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर, प्रोन्नति की राह हुई आसान।
शेखपुरा न्यायालय में कर्मचारियों ने जताई खुशी।
बिहार के व्यवहार न्यायालयों में कार्यरत कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही प्रोन्नति की मांग को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम सामने आया है। उच्चवर्गीय लिपिक (ग्रेड-III) के 7527 स्वीकृत पदों के पुनर्गठन को मंजूरी दी गई है। इसके तहत 1478 पद ग्रेड-II और 1098 पद ग्रेड-I में उत्क्रमित किए गए हैं, जबकि 4951 पद ग्रेड-III में रहेंगे।
इस फैसले की जानकारी मिलने के बाद शेखपुरा जिला न्यायालय परिसर में कर्मचारियों के बीच खुशी का माहौल देखा गया। कर्मचारियों ने इसे लंबे समय से जारी प्रयासों और संगठन की एकजुटता का सकारात्मक परिणाम बताया।
बिहार राज्य व्यवहार न्यायालय कर्मचारी संघ के प्रदेश संगठन सचिव सह जिला इकाई मीडिया प्रभारी अजीत कुमार ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह कर्मचारियों के लंबे संघर्ष, धैर्य और एकता की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने माननीय पटना उच्च न्यायालय एवं बिहार सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
अजीत कुमार ने उम्मीद जताई कि अब पदों के पुनर्गठन के बाद प्रोन्नति की प्रक्रिया भी जल्द पूरी होगी, जिससे वर्षों से प्रोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों को इसका लाभ मिल सकेगा।
कर्मचारियों के बीच इस फैसले को लेकर उत्साह है और सभी की नजर अब आगे होने वाली प्रोन्नति प्रक्रिया पर टिकी है।