#नालंदा - पैठना गांव के मसानी पर संदिग्ध अवस्था में मिला एक व्यक्ति का शव, परिजन ने लगाया हत्या का आरोप
नालंदा से संवाददाता राकेश
नालंदा जिले के रहुई प्रखंड अंतर्गत वेना थाना क्षेत्र के पैठना गांव के मसानी पर के पास मंगलवार की शाम एक व्यक्ति का संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। मृतक की पहचान पैठना गांव निवासी बाल गोविंद रविदास के 35 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र रविदास के रूप में की गई है। परिजनों के द्वारा घटना की जानकारी स्थानीय वेना थाना की पुलिस को दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल किया। इस संबंध में मृतक के चाचा सुरेंद्र रविदास ने बताया कि धर्मेंद्र को सुनियोजित तरीके से हत्या कर शव फेंक दिया गया है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र कुमार सोमवार को सुबह घर से बाहर गया था उसके बाद वह देर शाम तक वापस नहीं लौटा तो परिजन काफी खोजबीन करने लगे। लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। मंगलवार को सुबह परिजन ने वेना थाना में गुमशुदगी का लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज कराया। मंगलवार की शाम 5 बजे ग्रामीणों के द्वारा पता चला कि पैठना गांव के मसानी पर स्थित एक खेत में एक शव फेंका हुआ है उसके बाद उक्त स्थल पर गया तो देखा कि धर्मेंद्र कुमार मृत अवस्था पड़ा हुआ है। वहीं मौत के बाद परिजनों को रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। इस संबंध में वेना थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ भेज दिया है। प्रथम दृष्टिया मामला संदिग्ध लग रहा है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। मौके पर साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है।
Rahui, Nalanda | Jun 2, 2026