सड़क सुरक्षा को लेकर सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने दिए सख्त निर्देश, सिविल सोसाइटी की भागीदारी पर जोर
चंबा, 28 सितंबर।
बचत भवन चंबा में लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा के अंतर्गत संसदीय निर्वाचन क्षेत्र समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में सांसद ने जिले में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं और विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की तथा सड़क सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि सड़क सुरक्षा संबंधी बैठकों में सिविल सोसाइटी की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने गैर-सरकारी संगठनों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और ट्रांसपोर्ट यूनियनों के प्रतिनिधियों को भी इन बैठकों में शामिल करने की आवश्यकता जताई, ताकि जमीनी स्तर की समस्याओं और सुझावों पर प्रभावी चर्चा हो सके।
उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लोगों की सुरक्षा के लिए स्थापित किए जाने वाले क्रैश बैरियर से संबंधित मामलों के समाधान का आश्वासन भी दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को विशेष रूप से स्कूल वाहनों में जीपीएस और स्पीड गवर्नर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सांसद ने राहवीर प्रधानमंत्री राहत योजना और एमएसीटी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा हिस्सा मानवीय त्रुटियों से जुड़ा होता है। ऐसे में वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाने के प्रति जिम्मेदार होना चाहिए।
उन्होंने एचआरटीसी के उपमंडलीय प्रबंधक और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को निजी बसों सहित सार्वजनिक परिवहन वाहनों में यात्रियों को निर्धारित स्थानों पर ही उतारने-चढ़ाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे विभिन्न कार्यों और उठाए गए कदमों की विस्तृत जानकारी दी। सांसद ने विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी, एसडीएम अनिल भारद्वाज, चिराग शर्मा, राजेश जरयाल, सुरेंद्र कटोच, अजय कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी जालम सिंह भारद्वाज, एमएस डॉ. प्रदीप सिंह, कार्यकारी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संजीव शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#RoadSafety #Chamba #TrafficSafety #HimachalPradesh #RoadSafetyAwareness
Saach, Chamba | Sep 29, 2026