प्रेस विज्ञप्ति
अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर श्री जैन कन्या पाठशाला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
छात्राओं को महिला सुरक्षा, अधिकारों एवं सशक्तीकरण से संबंधित दी गई जानकारी
आरा, 12 अक्टूबर 2026।
महिला एवं बाल विकास निगम, आरा द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर श्री जैन कन्या पाठशाला +2 उच्च विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा, सुरक्षा, अधिकारों एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इस अवसर पर चित्रांकन एवं भाषण प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं तथा विजेता छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। सभी छात्राओं को योजना के लोगोयुक्त टी-शर्ट एवं टोपी वितरित की गईं और प्रेरणादायक वीडियो दिखाए गए।
विद्यालय की प्रधानाचार्य, जिला परियोजना प्रबंधक श्री कुमार रोहित एवं जिला मिशन समन्वयक श्री मो. तैयब अहमद ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बालिका शिक्षा, महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता एवं सशक्तीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर (OSC), जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW), महिला हेल्पलाइन 181 एवं आपातकालीन सेवा 112 सहित विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी दी।
वक्ताओं ने छात्राओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, साइबर सुरक्षा एवं सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में उचित सहायता लेने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा महिला एवं बाल विकास निगम के संबंधित कर्मियों ने भाग लिया।
@iprdbihar
Bhojpur, Bihar | Oct 12, 2026