ग्रेटर नोएडा: मिशन शक्ति 5.0 के तहत तीनों तहसीलों में लगा स्पेशल पिंक समाधान दिवस, 154 शिकायतें दर्ज
जेवर में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, महिलाओं की शिकायतों को दी गई प्राथमिकता
मिशन शक्ति विशेष अभियान 5.0 के तहत शनिवार को गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों जेवर, सदर और दादरी में स्पेशल पिंक समाधान दिवस का आयोजन किया गया। शारदीय नवरात्र के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को बढ़ावा देना रहा।
तीनों तहसीलों में कुल 154 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जेवर में जिलाधिकारी ने सुनीं शिकायतें
तहसील जेवर में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल 62 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
दादरी में सबसे अधिक शिकायतें
तहसील दादरी में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 86 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं, तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 6 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 3 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
महिलाओं के लिए पिंक हेल्प डेस्क
महिला फरियादियों की सुविधा के लिए पिंक हेल्प डेस्क स्थापित की गई। इसके माध्यम से महिलाओं को अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखने में सहायता दी गई। साथ ही उन्हें महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सौजन्य: सूचना विभाग, गौतमबुद्धनगर।