रामगढ़ में दो दिन से बदला मौसम का मिजाज: सुबह से रिमझिम बारिश जारी, 56 मिमी वर्षा दर्ज, किसानों के खिले चेहरे
रामगढ़। रामगढ़ कस्बे में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। बुधवार शाम हुई झमाझम बारिश के बाद गुरुवार सुबह से ही रिमझिम बारिश का दौर लगातार जारी है। सुबह करीब छह बजे से शुरू हुई बूंदाबांदी के कारण पूरे क्षेत्र में मौसम सुहावना बना रहा और तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, वहीं बाजारों में भी इसका असर साफ दिखाई दिया। सुबह करीब दस बजे तक अधिकांश दुकानदार बारिश के चलते अपनी दुकानें खोलने नहीं पहुंचे, जिससे बाजार में सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल रही।
बुधवार शाम करीब 50 मिनट तक हुई तेज बारिश ने रामगढ़ कस्बे को पानी-पानी कर दिया। कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं। तहसील रंगमंच से लेकर पुरानी पंचायत समिति कार्यालय के बाहर तक सड़क पर देर रात तक पानी भरा रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई दोपहिया वाहन पानी में फंस गए और लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा।
कृषि क्षेत्र के लिए यह बारिश बेहद लाभदायक मानी जा रही है। किसानों का कहना है कि पिछले पांच दिनों से तेज धूप और उमस के कारण खेतों की मिट्टी पर पपड़ी जमने लगी थी, जिससे खरीफ फसलों की बढ़वार प्रभावित हो रही थी। अब हुई रिमझिम बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है और ज्वार, बाजरा, तिल तथा ग्वार जैसी फसलों को नया जीवन मिला है। किसानों का कहना है कि ऐसी बारिश को खेती के लिए "सोना बरसने" के समान माना जाता है और इससे उत्पादन बढ़ने की पूरी संभावना है।
राजस्व विभाग के अनुसार बुधवार शाम से गुरुवार सुबह 10 बजे तक 56 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं 1 जनवरी से 6 अगस्त तक कुल 540 मिलीमीटर तथा 1 जून से 6 अगस्त तक 421 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 1007 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई थी। हालांकि इस बार अब तक बारिश का आंकड़ा पिछले वर्ष से कम है, लेकिन मौसम के बदले रुख से किसानों में उम्मीद जगी है कि सावन माह में अच्छी वर्षा का दौर जारी रहेगा और खरीफ फसलों को भरपूर लाभ मिलेगा। मौसम में आई ठंडक से आमजन ने भी राहत की सांस ली है।
Alwar, Alwar | Aug 6, 2026