सर्वोदय इंटरनेशनल स्कूल अलग कोटली में जन्माष्टमी की धूम, रंग-बिरंगे परिधानों में सजे नन्हे कलाकारों ने मोहा मन
कोटली। सर्वोदय इंटरनेशनल स्कूल अलग कोटली में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े हर्षोल्लास, उत्साह और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण, राधा, गोप-गोपियों तथा अन्य पौराणिक पात्रों का रूप धारण कर रंग-बिरंगी वेशभूषा में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने लोक संस्कृति, लोकगीत, पारंपरिक वेशभूषा एवं विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों में भाग लेते हुए पर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को भी समझा।
विद्यालय परिसर में बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और कृष्ण-राधा के मनमोहक स्वरूप ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों तथा सत्य, प्रेम, कर्म और धर्म के संदेश से भी अवगत करवाया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रधानाचार्य संजय कटोच ने विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सराहना की गई।
Mandi, Mandi | Sep 3, 2026