पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मार डाला: बागपत में खीर में नींद की गोली खिलाई, फिर गला दबाया; 15 साल पहले हुई थी शादी
बागपत में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। उसने पहले पति को खीर में नींद की गोली मिलाकर खिला दी। फिर पति के बेहोश होने पर प्रेमी को घर पर बुला लिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर पति को गला दबाकर मार डाला।
हत्या करने के बाद पत्नी ने पति की मौत की वजह हार्ट अटैक बताकर रोने का नाटक करने लगी। लेकिन, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाना आया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। घर के आसपास के सीसीटीवी चेक किए।
इसमें पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने रविवार को जब पत्नी से युवक के बारे में पूछताछ की तो वो घबरा गई और सारा सच उगल दिया। इसके बाद पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला कोतवाली क्षेत्र का है।
नौरोजपुर गुर्जर गांव में रहने वाले सचिन की शादी 15 साल पहले रचना से हुई थी। दोनों के 2 बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं। करीब 11 महीने पहले रचना की इंस्टाग्राम पर सोनू नाम के युवक से जान-पहचान हो गई। सोनू बागपत के रनछाड़ गांव का रहने वाला है। उसके और रचना के घर के बीच की दूरी 30 किलोमीटर है।
धीरे-धीरे रचना और सोनू के बीच अफेयर शुरू हो गया। सोनू रचना के घर भी आने-जाने लगा। पत्नी के अफेयर की बात सचिन को भी पता चल गई। उसने रचना को यह सब करने से मना किया। लेकिन, रचना उसकी बात सुनने को तैयार नहीं थी।
खीर में नींद की गोलियां मिलाकर खिलाई
इसके बाद सचिन और रचना के बीच झगड़ा बढ़ने लगा और मारपीट होने लगी। बात जब हद से ज्यादा बढ़ गई, तो रचना ने सचिन को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। यह बात उसने अपने प्रेमी सोनू को बताई। इसके बाद 12 जून (शुक्रवार) की रात रचना ने घर में खीर बनाई। जो खीर उसने सचिन को खाने के लिए दी, उसमें नींद की गोलियां मिला दीं।
खीर खाते ही सचिन गहरी नींद में सो गया। इसके बाद रचना ने अपने प्रेमी सोनू को घर बुलाया। फिर दोनों ने मिलकर सचिन का गला घोंट दिया। रात भर दोनों सचिन की लाश के साथ ही रहे। 13 जून की सुबह रचना चीखने-चिल्लाने लगी। उसने बताया कि पति की हार्ट अटैक से मौत हो गई है।
लेकिन, परिवारवालों ने शक होने पर पुलिस बुला ली। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। रविवार को जब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आई, तो उसमें मौत की वजह गला घोंटना निकली। इसके बाद पुलिस ने रचना के घर के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले। इसमें पुलिस को सोनू दिख गया। पुलिस ने जब रचना से सोनू के बारे में पूछा, तो वह घबरा गई। उसने पति सचिन की हत्या करने की बात कबूल कर ली।
पत्नी बोली- पति को मेरे और सोनू के संबंधों का पता चल गया था
पुलिस को रचना ने बताया- मैं और सोनू मिलने वाले थे। इस बात का पता सचिन को पता चल गया था। फोन पर मेरी सोनू से बात हुई। उसी ने मुझे नींद की गोली देने के लिए बोला था। मैं सचिन के साथ ही बाहर गई थी। चोरी से मैंने मेडिकल स्टोर से नींद की गोली खरीद ली थी।
फिर रात में खीर बनाकर उसमें गोली मिलाकर सचिन को खिला दी। सचिन के बेहोश होने के बाद सोनू को घर के अंदर बुला लिया। फिर उसकी हत्या कर दी। उसके बाद मैं सो गई। सचिन का भाई नवीन घर के पड़ोस में ही रहता है। सुबह होने के बाद उसको फोन पर सचिन की मौत के बारे में बताया।
भाई ने बुलाई पुलिस, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा
सचिन के भाई नवीन ने बताया- भाई की बॉडी देखने के बाद मुझे कुछ शक हुआ। भाई के गले पर निशान दिख रहा था। मेरा भाई किसान था और उसका बीमा भी था। मैंने पुलिस बुला ली। पुलिस ने भाई के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। रिपोर्ट में उसकी हत्या होने की बात सामने आई।