उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की चार आशा कार्यकर्ताओं को सीएमएचओ ने किया सम्मानित
---
उज्जैन, 23 नवम्बर 2026। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, गर्भवती महिलाओं के समय पर पंजीयन, हाईरिस्क गर्भावस्था की पहचान एवं प्रभावी प्रबंधन तथा कुपोषित बच्चों के नियमित फॉलोअप में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की चार आशा कार्यकर्ताओं को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम रघुवंशी द्वारा सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाली आशा कार्यकर्ताओं में श्रीमती पवित्रा परमार, ग्राम गोनसा, विकासखंड घट्टिया; श्रीमती वर्षा सूर्यवंशी, ग्राम कोटड़ी, विकासखंड तराना; श्रीमती निर्मला चंदेल, ग्राम अम्बोदिया, विकासखंड घट्टिया तथा श्रीमती शोभा जोशी, ग्राम काठबड़ोद, विकासखंड तराना शामिल हैं।
इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. विक्रम रघुवंशी ने आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन, हाईरिस्क गर्भावस्था की पहचान, नियमित स्वास्थ्य जांच, सुरक्षित प्रसव के लिए आवश्यक परामर्श तथा कुपोषित बच्चों की पहचान एवं नियमित फॉलोअप से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है।
उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके द्वारा जमीनी स्तर पर समर्पण, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ किए जा रहे कार्यों से स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ हो रही हैं। उन्होंने सभी आशा कार्यकर्ताओं से इसी सक्रियता के साथ कार्य करते हुए शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला कम्युनिटी मोबिलाइजर श्री अनस कुरैशी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Collector Office Ujjain Ujjain Commissioner Dr Mohan Yadav CM&HO Office Ujjain Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
Umaria, Madhya Pradesh | Nov 23, 2026