मोकामा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 लग्जरी गाड़ियों से 100 किलो गांजा बरामद, 5 तस्कर गिरफ्तार
हाथीदह (मोकामा): बिहार में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में हाथीदह थाना पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजे की खेप के साथ 5 अंतर्राज्यीय तस्करों को दबोच लिया है।
बरामदगी: 100 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता का गांजा।
अनुमानित कीमत: अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग ₹20 लाख से ₹25 लाख रुपये आंकी जा रही है।
जब्ती: तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 3 चार चक्का (फोर व्हीलर) गाड़ियां।
गिरफ्तारी: मौके से 5 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी (DSP) रामकृष्ण कुमार ने बताया कि हाथीदह थानाअध्यक्ष अभिषेक कुमार को क्षेत्र से भारी मात्रा में गांजे की खेप गुजरने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थानाअध्यक्ष ने बिना वक्त गंवाए अपनी टीम के साथ नाकेबंदी की।
पुलिस की मुस्तैदी के कारण तस्करों को संभलने का मौका नहीं मिला। तीन चार चक्का वाहनों की जब सघन तलाशी ली गई, तो उनमें से 100 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ही गांजे की खेप के साथ पांचों तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया और गाड़ियों को जब्त कर लिया।
डीएसपी रामकृष्ण कुमार ने बताया कि इस बड़ी सफलता के बाद वरीय पदाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार तस्करों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजे की यह बड़ी खेप कहाँ से लाई जा रही थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था। इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है।
#Mokama
Mokameh, Patna | Jul 7, 2026