धर्मशाला में पर्यटन सप्ताह के तहत हेरिटेज वॉक और जागरूकता रैली, ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजने का दिया संदेश | Kangra Express
धर्मशाला : हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित पर्यटन सप्ताह के तहत बुधवार को धर्मशाला शहर में हेरिटेज वॉक और जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान विभाग के विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने शहर के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का दौरा कर स्थानीय विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
विभाग के सहायक आचार्य डॉ. हरीश गौतम ने बताया कि 21 से 27 सितंबर तक चल रहे पर्यटन सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम की शुरुआत 21 सितंबर को गुलेरियन कॉन्क्लेव से हुई, जबकि 22 सितंबर को ट्रेजर हंट और डिबेट प्रतियोगिता आयोजित की गई।
हेरिटेज वॉक के दौरान विद्यार्थियों ने कचहरी अड्डा, आकाशवाणी, वॉर मेमोरियल, हनुमान मंदिर, सराय और डीसी ऑफिस सहित कई महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को धर्मशाला की ऐतिहासिक विरासत से परिचित करवाने के साथ-साथ इसके संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
डॉ. गौतम ने बताया कि पर्यटन सप्ताह के आगामी कार्यक्रमों में 24 सितंबर को गांव गोद लेकर पौधारोपण और जनप्रतिनिधियों से संवाद, 25 सितंबर को विश्वविद्यालय परिसर में ‘भारत उत्सव’, जबकि 26 सितंबर को राष्ट्रीय स्तर की क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
27 सितंबर तक चलने वाला यह पर्यटन सप्ताह विद्यार्थियों को पर्यटन का व्यावहारिक ज्ञान देने के साथ हिमाचल की संस्कृति, विरासत और पर्यटन के महत्व को उजागर करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
Kangra, Kangra | Sep 23, 2026