ग्रामीणों ने कलेक्टर से की सरपंच की शिकायत, तो धमकाने पहुंचा सरपंच,
ग्राम गड़ीखेड़ा पंचायत पहावली का मामला, “निपटने” की धमकी देने का आरोप; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
मुरैना। जौरा तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत पहावली के अंतर्गत आने वाले ग्राम गड़ीखेड़ा में ग्रामीणों द्वारा सरपंच की शिकायत कलेक्टर से किए जाने के बाद विवाद गहराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिकायत से नाराज सरपंच ग्रामीणों के बीच पहुंचा और उन्हें धमकाते हुए “निपटने” की बात कही।
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कथित तौर पर सरपंच ग्रामीणों से बातचीत करते हुए नजर आ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत से जुड़े मामलों को लेकर उन्होंने कलेक्टर के समक्ष शिकायत की थी, जिसके बाद सरपंच ने नाराजगी जताते हुए उन्हें धमकाया।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद गांव में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
#मुरैना #morena #सरपंच