आबकारी कार्यालय के सामने ई-रिक्शा चालक से मारपीट, 4200 रुपए छीनने का आरोप; CCTV फुटेज वायरल
मुरैना। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में आबकारी कार्यालय के सामने शनिवार को 19 वर्षीय ई-रिक्शा चालक के साथ आधा दर्जन से अधिक युवकों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
गणेशपुरा कब्रिस्तान निवासी ई-रिक्शा चालक रहिस खान के मुताबिक, वह आबकारी कार्यालय के सामने से गुजर रहा था, तभी कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और अचानक उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। रहिस का आरोप है कि मारपीट के दौरान युवकों ने उसके पास रखे करीब 4200 रुपए भी छीन लिए।
पूरी घटना पास की दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में कई युवक ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह फुटेज रविवार शाम से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद घटना को लेकर लोगों में चर्चा तेज हो गई।
पीड़ित ने आरोपियों को तुस्सीपुरा-माहौर चौराहे के आसपास का निवासी बताया है। रहिस का कहना है कि घटना के बाद वह शिकायत लेकर स्टेशन रोड थाना पहुंचा था, लेकिन उसका आरोप है कि पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की।
फिलहाल वायरल CCTV फुटेज और पीड़ित के आरोपों के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जरूरत है। पुलिस द्वारा शिकायत पर क्या कार्रवाई की गई और मारपीट में शामिल युवकों की पहचान हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
#morena #मुरैना #पुलिस