श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के नए परिसर का जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन और सहयोग से आयुष विश्वविद्यालय के विकास को मिली नई गति: कुलपति प्रो. धीमान
-मुख्यमंत्री ने आयुष विश्वविद्यालय में बहुउद्देशीय सभागार का लोकार्पण और महिला छात्रावास का किया शिलान्यास
कुरुक्षेत्र। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के नए परिसर से संबंधित प्रस्ताव पर प्राथमिकता से विचार किया जाएगा, ताकि विश्वविद्यालय के विकास को और अधिक गति मिल सके। यही नहीं, उन्होंने बीएएमएस विद्यार्थियों की लंबित इंटर्नशिप भत्ता बढ़ाने की मांग को भी पूरा करने का आश्वासन दिया। वे शुक्रवार को श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे।
इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विश्वविद्यालय में 9 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित परीक्षा एवं बहुउद्देशीय सभागार का लोकार्पण किया तथा लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले महिला छात्रावास का शिलान्यास किया।
सीएम सैनी ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने योग का प्रदर्शन प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने पीएचडी शोध कार्यों को शोधगंगा पर अपलोड किया। साथ ही, पंचकर्म विभाग के प्रोफेसर डॉ. राजा सिंगला की पुस्तक “आयुर्वेदा एंड स्जोग्रेन सिंड्रोम”, डॉ. वंदना कुमारी की पुस्तक ओएससीई रोग निदान एवं विकृति विज्ञान और विश्वविद्यालय की शोध पत्रिका का विमोचन किया गया। इस दौरान योग विभाग की प्रोफेसर डॉ. शीलत सिंगला ने योगाभ्यास कराया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगीत “धर्मक्षेत्रे वेददाता व्यास शत-शत वंदनम्। कुरुक्षेत्र सुलभ आयुष ज्ञान शत-शत वंदनम्” का भी औपचारिक विमोचन किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय परिसर में लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक ऑडिटोरियम राष्ट्र को समर्पित किया गया है। यह भवन विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधार्थियों के लिए शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इसके साथ ही लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले महिला छात्रावास का शिलान्यास भी किया गया है। इससे छात्राओं को सुरक्षित एवं बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा प्रदेश में आयुष शिक्षा को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की पवित्र भूमि पर आकर उन्हें विशेष गर्व और आत्मिक संतोष की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि यही वह भूमि है जहां भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को श्रीमद् भागवत गीता का उपदेश देकर पूरी मानवता को कर्म, ज्ञान और योग का संदेश दिया था। गीता में वर्णित "योगः कर्मसु कौशलम्" का सिद्धांत आज भी मानव जीवन को दिशा प्रदान कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और पूरा विश्व अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कुरुक्षेत्र में निकलने वाला बाइपास आयुष विश्वविद्यालय को टच करता हुआ निकलेगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान, कुलसचिव डॉ. कृष्ण कांत गुप्ता, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को इन उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए कहा कि श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय प्रदेश में आयुष शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं का एक उत्कृष्ट केंद्र बनकर उभर रहा है।
एक पेड़ मां के नाम जरूर लगाएं: सीएम
पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें "एक पेड़ मां के नाम" अभियान को जन आंदोलन बनाना होगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने अगले वर्ष प्रदेश में डेढ़ करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भावनात्मक रूप से लोगों को प्रकृति से जोड़ने का कार्य करेगा। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। विकसित हरियाणा और विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का स्वस्थ, शिक्षित और जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है।
कुलपति ने सीएम समक्ष रखी विश्वविद्यालय से जुड़ी विभिन्न मांगें
श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन और सहयोग से विश्वविद्यालय के विकास को नई गति मिली है, जिसके लिए हम सभी उनके हृदय से आभारी हैं। प्रो. धीमान ने बताया कि विश्वविद्यालय के सभागार निर्माण के लिए मुख्यमंत्री द्वारा लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई, जिसके कारण यह आधुनिक सुविधाओं से युक्त भव्य सभागार तैयार हो सका। विश्वविद्यालय में छात्राओं के लिए छात्रावास की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। प्रवेश के दौरान अभिभावक अपनी बेटियों के लिए सुरक्षित आवास की मांग करते थे, लेकिन सीमित सुविधाओं के कारण विश्वविद्यालय उनकी अपेक्षाओं को पूरा नहीं कर पा रहा था। मुख्यमंत्री द्वारा कन्या छात्रावास निर्माण की स्वीकृति मिलने से छात्राओं को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। कुलपति ने मुख्यमंत्री के समक्ष विश्वविद्यालय से जुड़ी विभिन्न मांगों को भी प्रमुखता से रखा। उन्होंने छात्र-छात्राओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए विश्वविद्यालय में बॉयज हॉस्टल के निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। साथ ही उन्होंने आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे बीएएमएस इंटर्नशिप विद्यार्थियों के इंटर्नशिप भत्ते में वृद्धि की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलेगा और उनकी आर्थिक सहायता भी होगी। कहा कि श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय का परिसर पूर्णतः नशा मुक्त एवं प्लास्टिक मुक्त कैंपस है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण आयुष शिक्षा के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
भारतीय चिकित्सा पद्धतियों के क्षेत्र में उत्कृष्टता का केंद्र बना आयुष विवि: डॉ. कृष्ण कांत
कुलसचिव डॉ. कृष्ण कांत गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में आगमन विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव और प्रेरणा का अवसर है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन से आयुष शिक्षा, शोध एवं स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी तथा विश्वविद्यालय के विकास को और गति प्राप्त होगी। आयुष विश्वविद्यालय आयुर्वेद, योग और भारतीय चिकित्सा पद्धतियों के क्षेत्र में उत्कृष्टता का केंद्र बनने की दिशा में निरंतर अग्रसर है। शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न संस्थानों के साथ समझौते किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों और शिक्षकों को उच्च स्तरीय अनुसंधान के अवसर प्राप्त हो सकें।
इस अवसर पर ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा, आयुष विभाग के निदेशक आईएएस संजीव वर्मा, भाजपा नेता डीडी शर्मा, हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमच, हरियाणा भूमि सुधार एवं विकास निगम लिमिटेड के चेयरमैन गुरनाम सिंह सैनी, हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन धर्मबीर मिर्जापुर, हरियाणा स्टेट कोऑपरेटिव एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट बैंक के चेयरमैन सुभाष कलसाना, भाजपा के जिला अध्यक्ष तेजिंदर सिंह गोल्डी, आयुष विवि के पूर्व कुलपति प्रो. बलदेव कुमार धीमान, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा, कुलसचिव वीरेंद्र पाल सिंह, महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां से कुलपति प्रोफेसर सुदेश, नगर पालिका चेयरपर्सन माफी ढांडा, जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, उपायुक्त विश्राम कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, प्रो. ब्रिजेंद्र सिंह तोमर, आईएएसएंडआर के प्राचार्य प्रो. आशीष मेहता, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. राजा सिंगला, उप कुलसचिव विकास शर्मा, अतुल गोयल, प्रो. दीप्ति पराशर सहित अन्य उपस्थित रहे।
Thanesar, Kurukshetra | Jun 5, 2026