व्यापार सभा चुनाव श्रीनगर: राजीव कुमार वर्मा ने वापस ली दावेदारी, दिनेश असवाल को समर्थन
श्रीनगर व्यापार सभा चुनाव में अध्यक्ष पद की लड़ाई अब और दिलचस्प हो गई है। अध्यक्ष पद के दावेदार राजीव कुमार वर्मा ने अपनी दावेदारी वापस ले ली है। चर्चा है कि उन्होंने निवर्तमान अध्यक्ष एवं अध्यक्ष पद के उम्मीदवार दिनेश असवाल को अपना समर्थन भी दे दिया है।
सूत्रों के अनुसार नगर के एक वरिष्ठ और प्रभावशाली नेता ने राजीव कुमार वर्मा को दावेदारी वापस लेने के लिए मनाया, जिसके बाद उन्होंने यह फैसला लिया। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई बयान सामने नहीं आया है।
राजीव कुमार वर्मा के मैदान से हटने के बाद अब अध्यक्ष पद पर सीधा मुकाबला दिनेश असवाल और अनुज जोशी के बीच रह गया है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर छवि अग्रवाल और बंटी जोशी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।
चुनाव को लेकर व्यापारियों के बीच चर्चाओं का दौर तेज है और सभी प्रत्याशी अंदरखाने समर्थन जुटाने तथा अपनी चुनावी रणनीति को धार देने में लगे हुए हैं। अब सभी की नजरें मतदान और परिणाम पर टिकी हैं।