#मदरसा_में_बहुत_बड़ा_हादसा_हुआ..
भरतपुर। डीग जिले के सीकरी इलाके के गोपालगढ़ थाना क्षेत्र के मील का मदरसा में शुक्रवार शाम सेप्टिक टैंक की जहरीली गैस से बड़ा हादसा हो गया। टैंक में सफाई के लिए उतरी छात्राओं को बचाने के प्रयास में एक के बाद एक छात्राएं अंदर जाती चली गईं और दम घुटने से बेहोश हो गईं। इस हादसे में हरियाणा के सांगरस निवासी 17 वर्षीय छात्रा रोहिल पुत्री अब्दुल रहीम की मौत हो गई, जबकि 12 छात्राएं और एक युवक अचेत हो गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार मदरसा परिसर में स्थित सेप्टिक टैंक की एक पट्टी कुछ दिन पहले टूट गई थी। इसके बाद टैंक की मशीनों से सफाई कराई गई थी, लेकिन एक हिस्से में थोड़ा मलबा रह गया था। शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे कुछ छात्राओं ने स्वयं ही शेष मलबा साफ करने की बात कही और टैंक में उतर गईं। अंदर मौजूद जहरीली गैस के प्रभाव से वे बेहोश हो गईं। बताया गया कि पहली छात्राओं को बचाने के लिए अन्य छात्राएं भी बिना किसी सुरक्षा उपकरण के एक-एक कर टैंक में उतरती चली गईं। इसी दौरान सभी जहरीली गैस की चपेट में आ गईं। छात्राओं को बचाने के लिए उत्तर प्रदेश निवासी तारिफ पुत्र महबूब भी टैंक में उतरा, लेकिन वह भी बेहोश हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। बेहोश हुई छात्राओं को अलवर में उपचार के लिए ले जाया गया है। डीग कलेक्टर मयंक मनीष ने बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए अलवर कलेक्टर अर्तिका शुक्ला से फोन पर बातचीत की है। बताया गया है कि मील का मदरसा में करीब 3500 विद्यार्थी तालीम लेते हैं, जिनमें 1500 छात्राएं और करीब 2000 छात्र हैं। पुलिस ने मृत छात्रा के शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।