#दबोचे_गए_आदरणीय_पटवारी_जी..
भरतपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने जोधपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 75,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी अंकुश बाघेला पोपावास पटवार मंडल में तैनात है और उसके पास बम्बोर का अतिरिक्त प्रभार भी है। उसने जोलियाली स्थित कृषि भूमि की दुकानों का म्यूटेशन दर्ज करने के एवज में प्रति दुकान 5,000 के हिसाब से कुल 1,00,000 रुपए की रिश्वत मांगी थी। परिवादी पिछले साल से म्यूटेशन के लिए पटवारी के चक्कर काट रहा था। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी की स्पेशल यूनिट ने जाल बिछाया। शुक्रवार शाम को आरोपी पटवारी परिवादी की कार में हेलमेट लेकर बैठा और रिश्वत की रकम हेलमेट के अंदर रखवा ली। जैसे ही रकम रखी गई, एसीबी टीम ने उसे दबोच लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद एसीबी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसके आवास और अन्य ठिकानों की जांच कर रही है।