#डीग_एसपी_की_ग्राउंड_जीरो_पर_गश्त
भरतपुर। डीग जिले में कानून, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ बनाए रखने तथा अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा करने के उद्देश्य से शुक्रवार को डीग शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च डीग जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के नेतृत्व में और उप अधीक्षक डीग सीताराम बैरवा सहित भारी पुलिस जाब्ते के साथ आयोजित किया गया। इस पैदल गश्त का मुख्य उद्देश्य असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना और स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों व महिलाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत करना था। गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों से बातचीत कर उनसे अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु को देखते ही तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को सूचित करें। डीग पुलिस ने आमजन की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए साफ चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों में भय व आमजन में विश्वास बनाए रखने के लिए यह पैदल गश्त आगे भी समय-समय पर जारी रहेगी।