हथियारों का प्रदर्शन करने वाला भरत तिवारी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, पुलिस की कनपटी पर तान दिया था तमंचा
बिहार के भोजपुर जिले में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर चर्चा में आए एक युवक की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक की पहचान भरत तिवारी के रूप में हुई है, जो बीते कई दिनों से सोशल मीडिया पर पिस्टल लेकर लाइव आने और हथियारों का प्रदर्शन करने के कारण सुर्खियों में था।
जानकारी के अनुसार, भरत तिवारी ने कथित तौर पर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारियों को भी चुनौती दी थी और SDM को एनकाउंटर करने तक की धमकी दी थी। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
बताया जाता है कि आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए थाना प्रभारी समेत पुलिस बल उसके ठिकाने पर पहुंचा था। इसी दौरान युवक ने कथित रूप से पुलिसकर्मियों पर पिस्टल तान दी और गोली मारने की धमकी देने लगा। करीब 20 मिनट तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, जिससे पुलिस टीम भी सतर्क और सहमी रही।
पुलिस के मुताबिक बाद में हुई मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है।