जमुई छेड़छाड़ कांड: मुख्य आरोपी नंदन यादव का हाफ एनकाउंटर, भागने की कोशिश में पैर में लगी गोली
बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और मारपीट के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव का पुलिस ने हाफ एनकाउंटर कर दिया है। कुंदर बराज के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसके साथी हरेराम यादव का भी भागने के दौरान पैर टूट गया है। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह शर्मनाक घटना 19 सितंबर की शाम की है। 10वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा अपने सहपाठी दोस्त के साथ कोचिंग से स्कूटी पर घर लौट रही थी। जमुई टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा पहाड़ी के पास कुछ मनचलों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने छात्रा के साथ बदसलूकी, अश्लील हरकत और जबरन उठाने का प्रयास किया। दोस्त ने विरोध किया तो उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। वायरल वीडियो में पीड़िता हाथ जोड़कर छोड़ने की गुहार लगाती दिख रही है।