➡️ सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर गढ़ाकोटा में निकली भव्य रैली, जनप्रतिनिधियों ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
➡️ राज्यमंत्री श्री लखन पटेल और विधायक श्री गोपाल भार्गव सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने लिया हिस्सा, देशभक्ति के नारों से गूंजा नगर
अखंड भारत के शिल्पी एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर सागर जिले के गढ़ाकोटा नगर में भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर में विशाल रैली निकाली गई, जिसमें मध्यप्रदेश शासन के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लखन पटेल तथा रहली विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री गोपाल भार्गव विशेष रूप से शामिल हुए। रैली में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ गढ़ाकोटा स्थित टेडिया मंदिर से हुआ। गाजे-बाजे और देशभक्ति के नारों के बीच निकली रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने रैली का स्वागत किया। नगर भ्रमण के पश्चात रैली सरदार वल्लभभाई पटेल स्टेडियम पहुंची।
स्टेडियम में उपस्थित जनसमूह ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने लौह पुरुष के राष्ट्र निर्माण, एकता और अखंडता के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान गढ़ाकोटा नगर देशभक्ति, सामाजिक एकता और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया।
#jansamparkMP #sagar
Sagar, Madhya Pradesh | Oct 31, 2026