लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दरकाली में दकनौल धार्मिक समारोह में लिया भाग
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। प्रदेश सरकार में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान रामपुर उपमंडल के दरकाली स्थित देवता लक्ष्मी नारायण जी के मंदिर परिसर में आयोजित दकनौल धार्मिक समारोह में भाग लिया। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
धार्मिक समारोह के उपरांत आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता तथा सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को समान प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास एवं जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। दरकाली क्षेत्र सहित समूचे क्षेत्र में संपर्क सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन, सड़क चौड़ीकरण, पुल-पुलियों, नालियों तथा सुरक्षा दीवारों के निर्माण जैसे विकास कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से संचालित सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सेब सीजन के दौरान तकलेज से दरकाली तक संपर्क मार्ग को किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होने दिया जाएगा। यदि किसी कारणवश मार्ग बंद भी होता है तो उसे चौबीस घंटे के भीतर यातायात के लिए बहाल करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि तकलेज से दरकाली तक विभिन्न स्थानों पर लोगों ने अपनी समस्याएं एवं विकास संबंधी मांगें उनके समक्ष रखीं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर मंत्री ने दो लाख रुपये की लागत से निर्मित कला मंच का लोकार्पण किया। उन्होंने मंदिर परिसर में धंस रहे डंगे के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये तथा कला मंच के लिए अतिरिक्त पचास हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
समारोह के अंतर्गत आयोजित वॉलीबॉल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में महिला मंडलों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक लोकनृत्यों ने समारोह को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।
इस अवसर पर मंत्री ने क्षेत्र के लोगों की जनसमस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित के कार्यों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है तथा लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह, पर्यटन बोर्ड के निदेशक यशपाल सोनी, एचपीएमसी के निदेशक भूपेश धीमान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चन्द शर्मा, जिला परिषद सदस्य रोनी राणा एवं अनुराधा, पंचायत समिति रामपुर की अध्यक्ष पूजा कुमारी, उपाध्यक्ष सुनील, पार्टी पदाधिकारी बृज लाल, राहुल सोनी एवं राजीव ठाकुर, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Ani, Kullu | Jul 17, 2026