बिलासपुर में पहली राज्य स्तरीय टोंग इल मू डो प्रतियोगिता संपन्न, 7 जिलों के 215 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
बिलासपुर। किसान भवन बिलासपुर में रविवार को प्रथम हिमाचल प्रदेश राज्य स्तरीय टोंग इल मू डो (मार्शल आर्ट) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के 7 जिलों से करीब 215 खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपने शानदार खेल प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में इंजीनियर रेवती रमन, डिप्टी जनरल मैनेजर, एसजेवीएन लिमिटेड (भारत सरकार एवं हिमाचल प्रदेश सरकार का संयुक्त उपक्रम) ने शिरकत की। टोंग इल मू डो एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्य अतिथि का हिमाचली परंपरा के अनुसार स्वागत किया। उन्हें हिमाचली टोपी, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि रेवती रमन ने खिलाड़ियों को खेलों के प्रति जागरूक रहने और अन्य युवाओं को भी खेलों के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जिस युवा को खेल का नशा लग जाता है, वह अन्य नशों से बच सकता है।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश टोंग इल मू डो एसोसिएशन के चेयरमैन मृदुल शर्मा ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी गणमान्य व्यक्तियों का धन्यवाद किया तथा खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
प्रतियोगिता के दौरान हिमाचल प्रदेश टोंग इल मू डो एसोसिएशन के अध्यक्ष बृज लाल चौहान, उपाध्यक्ष चंद्रशेखर, महासचिव अजय कुमार, उपाध्यक्ष रमेश, दिनेश कुमार, राकेश कुमार, कोषाध्यक्ष शीतल शर्मा, सह-सचिव कुलदीप (ब्लैक बेल्ट), राजेंद्र कुमार, तकनीकी निदेशक अंशुमान तथा सदस्य सारिका और वरुण शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ मार्शल आर्ट के प्रति युवाओं में रुचि बढ़ाने का भी अवसर मिला।