जिला स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता में रामराजा टीम, अछरु माता और तारामाई टीमें रहीं विजेता, विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
क्विज प्रतियोगिता से विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास होता है - डिप्टी कलेक्टर
--
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं प्रभारी अधिकारी डीएटीसीसी श्री रोहन सक्सेना के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड, डीएटीसीसी एवं शिक्षा विभाग द्वारा शुक्रवार को जिला स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में लिखित प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 निवाड़ी में किया गया। लिखित प्रश्न पत्र के आधार पर सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली जिले की छह टीमों का चयन द्वितीय चरण के लिए किया गया। इसके बाद नगर परिषद ऑडिटोरियम में ऑडियो-विजुअल राउंड आयोजित हुआ।
प्रतियोगिता में विजेता टीमों के क्रम में प्रथम स्थान पर रामराजा टीम, द्वितीय स्थान पर अछरु माता टीम एवं तृतीय स्थान पर तारामाई टीम रही। उपविजेता टीमों में प्रथम स्थान पर शक्ति भैरों टीम, द्वितीय स्थान पर हरदौल टीम एवं तृतीय स्थान पर मां गिद्ध वाहिनी टीम रही।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डिप्टी कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी क्विज प्रतियोगिता सुश्री स्वाति सिंह ने कहा कि पर्यटन क्विज विद्यार्थियों के ज्ञान को बढ़ाने के साथ उन्हें अपने जिले, प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि निवाड़ी जिला ऐतिहासिक एवं धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध है और विद्यार्थियों को इसकी विरासत के बारे में जानना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना भी अपने आप में एक उपलब्धि है। क्विज प्रतियोगिता से विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास होता है। उन्होंने विजेता टीमों के साथ सभी प्रतिभागियों को निरंतर अध्ययन एवं नई जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में विजेता टीमों एवं प्रतिभागियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ई-गवर्नेंस प्रबंधक श्री अरविंद रघुवंशी, लोकसेवा प्रबंधक श्री नितेश जैन, प्रबंधक श्री गिरीश मौर्य, प्रबंधक श्री प्रिंस शर्मा, सहायक नोडल अधिकारी श्री राजेश पटेरिया, क्विज मास्टर श्री अंजनी चतुर्वेदी सहित विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य, अध्यापक, शिक्षक, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन क्विज मास्टर श्री अंजनी चतुर्वेदी एवं प्राचार्य श्री वीके पुरोहित ने किया।
#jansamparkMP #niwari