आज दिनांक 04.07.2026 को जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्र द्वारा समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में दैनिक जनता दरबार का आयोजन किया गया।
जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी परिवादों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को अग्रसारित कर समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
दैनिक जनता दरबार के दौरान एस.सी.आई बाजार समिति संघर्षशील पलदार संघ ने बाजार समिति, तकिया सासाराम में मजदूरों के हकमारी, मानमानी व कथित लूट की शिकायत दर्ज कराई। संघ ने श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा तथा ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ ट्रेड यूनियन की मांगों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने श्रम अधीक्षक, रोहतास को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वहीं तिलौथू प्रखंड के चोरकप गांव निवासी राम सुरेश सिंह ने भूमि विवाद और कब्जे वाली जमीन पर निर्माण कार्य से उत्पन्न विवाद के समाधान के लिए आवेदन दिया। इस मामले के निष्पादन हेतु डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी, डिहरी को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
शेष प्राप्त सभी आवेदनों को भी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को शीघ्र निष्पादन के लिए अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
#iprd
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Jul 4, 2026