जिला योजना समिति चुनाव में एक वोट से जीते राजेंद्र नेगी, श्रीनगर भाजपा की अंदरूनी खींचतान आई सामने!
भाजपा के अधिकृत समर्थित प्रत्याशी ने पार्टी के ही पार्षद संदीप रावत को दी शिकस्त, 20-19 रहा जीत-हार का अंतर; नतीजे के बाद कथित नोकझोंक ने बढ़ाई सियासी सरगर्मी
श्रीनगर। जिला योजना समिति (डीपीसी) के सामान्य निर्वाचन-2026 में नगर निगम श्रीनगर की एक सीट पर हुए मुकाबले ने स्थानीय भाजपा की अंदरूनी सियासत को चर्चा में ला दिया है। नगर निगम के वार्ड नंबर एक से भाजपा पार्षद राजेंद्र नेगी ने भाजपा के ही पार्षद संदीप रावत को महज एक वोट से हराकर जिला योजना समिति के सदस्य पद पर जीत दर्ज की। भाजपा के अधिकृत समर्थित प्रत्याशी राजेंद्र नेगी को 20 वोट मिले, जबकि संदीप रावत 19 वोट हासिल कर सके। एक सीट पर पार्टी के ही दो पार्षदों के आमने-सामने आने और बेहद करीबी मुकाबले ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले श्रीनगर भाजपा की अंदरूनी खींचतान को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिला योजना समिति के चुनाव में शुरुआत में भाजपा के पांच पार्षदों ने नामांकन कराया था। इसके बाद दो पार्षदों ने अपने नाम वापस ले लिए, जबकि एक अन्य पार्षद ने भी समर्थन दे दिया। इसके बाद मुकाबला भाजपा के अधिकृत समर्थित प्रत्याशी राजेंद्र नेगी और भाजपा पार्षद संदीप रावत के बीच सिमट गया। चुनाव में नेगी को जीत तो मिली, लेकिन पार्टी के ही दूसरे प्रत्याशी को मिले 19 वोटों ने मुकाबले को राजनीतिक रूप से अहम बना दिया।
40 में से 32 पार्षद भाजपा के, फिर भी कांटे की टक्कर : नगर निगम श्रीनगर में कुल 40 पार्षद हैं। इनमें भाजपा के 32, कांग्रेस के छह और दो निर्दलीय पार्षद शामिल हैं। नगर निगम में भाजपा के स्पष्ट बहुमत के बावजूद पार्टी के अधिकृत समर्थित प्रत्याशी को महज 20 वोट मिलने और दूसरे भाजपा पार्षद को 19 वोट हासिल होने से राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, मतदान में किस पार्षद ने किस प्रत्याशी का समर्थन किया, इसकी आधिकारिक पुष्टि के बिना किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
नतीजे के बाद कथित नोकझोंक से बढ़ी चर्चा : चुनाव का परिणाम आने के बाद दोनों पक्षों के बीच कथित तौर पर तीखी नोकझोंक होने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि स्थिति को संभालने के लिए अन्य लोगों को बीच-बचाव करना पड़ा। एक ही पार्टी के दो नेताओं के बीच चुनावी मुकाबले के बाद इस तरह के घटनाक्रम ने स्थानीय राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।