पूर्व विधायक मालचंद ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से की मुलाकात, सांकरी-मोरी विंटर फेस्टिवल में शामिल होंगे मंत्री
विंटर फेस्टिवल में शामिल होने का मंत्री ने दिया आश्वासन, मोरी के सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन और ट्रेकिंग रूट विकसित करने पर भी हुई चर्चा
मोरी। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं पूर्व विधायक मालचंद ने उत्तराखंड सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मोरी विकासखंड के सीमांत क्षेत्रों के विकास, पर्यटन संभावनाओं और विशेष रूप से सांकरी-मोरी में आयोजित होने जा रहे विंटर फेस्टिवल को लेकर विस्तृत चर्चा की।
पूर्व विधायक मालचंद ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल को सांकरी-मोरी में होने वाले विंटर फेस्टिवल में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया। मंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए विंटर फेस्टिवल में उपस्थित होने का आश्वासन दिया। मंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक मालचंद ने मोरी के गंगाड़, ओसला, फते पर्वत, पंचगाईं, सिंगतुर पट्टी और अडोर पट्टी सहित दूरस्थ क्षेत्रों को ट्रेकिंग रूट से जोड़ने का विषय भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और बेहतर ट्रेकिंग मार्ग विकसित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर मिल सकते हैं।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और ट्रेकिंग मार्गों के विकास को लेकर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
पूर्व विधायक मालचंद ने कहा कि सांकरी-मोरी विंटर फेस्टिवल क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन को देश-दुनिया तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। मंत्री की मौजूदगी से आयोजन को नई पहचान मिलने के साथ ही मोरी क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने मंत्री सुबोध उनियाल के क्षेत्र के विकास एवं पर्यटन को लेकर सकारात्मक रुख के लिए आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि विंटर फेस्टिवल के माध्यम से मोरी की समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी।