भंगानी में 4 अक्टूबर को सजेगा दसवां ओपन वॉलीबॉल कप, विजेता को मिलेंगे ₹21 हजार और ट्रॉफी
भंगानी। क्षेत्र के खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। नवयुवक मंडल “एकता की जंग” भगानी की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन 4 अक्टूबर 2026 को डे-नाइट मुकाबलों के रूप में किया जाएगा।
क्लब के सचिव रफीक अहमद और संयोजक मोहब्बत अली ने जानकारी देते हुए बताया कि यह क्लब का लगातार दसवां ओपन वॉलीबॉल कप है। प्रतियोगिता में किसी भी राज्य की वॉलीबॉल टीम भाग ले सकती है, जिससे मुकाबलों में रोमांच और प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व विधायक चौधरी किरनेश जंग और भंगानी पंचायत प्रधान पृथ्वी चंद द्वारा किया जाएगा। वहीं समापन समारोह में समाजसेवी हनीश खान और भंगानी पंचायत उपप्रधान जमील अहमद बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को ₹21,000 नकद राशि और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को ₹11,000 नकद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि नवयुवक मंडल द्वारा इस प्रतियोगिता का आयोजन केवल खेल को बढ़ावा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से लगातार किया जा रहा है। “नशा भगाओ, खेल बढ़ाओ” के संदेश के साथ आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता युवाओं के लिए खेल के साथ-साथ सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का मंच भी उपलब्ध कराती है।
क्लब पदाधिकारियों ने क्षेत्र के सभी खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों से प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की