धारदार हथियार से युवक की हत्या, सुनसान दुकान के अंदर घायल मिला था युवक, इलाज के दौरान रीवा में मौत
पुलिस एवं एफएसएल की टीम ने किया मौका मुआयना
सतना। जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के तिउनी निवासी एक युवक की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। तुर्की स्टेशन के पास बनी दुकानों के अंदर लहूलुहान हालत में परिजनों को सोमवार की रात मिले राजबहोर कोरी की मंगलवार की सुबह रीवा के संजय गांधी अस्पताल में मौत हो गई। घटना के संबंध में मृतक के पिता संतोष कोरी ने बताया कि सोमवार की दोपहर उनका बेटा अपने परिवार के साथ आधार कार्ड बनवाने घर से निकला था लेकिन कुछ कागजात कम पड़ गए थे, जिसके बाद वह परिवार को एक मंदिर के पास बैठाकर घर वापस आ रहा था लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। देर शाम जब परिवार अकेले घर पहुंचा तो परिजनों को उसकी चिंता हुई। परिजनों ने राजबहोर की तलाश शुरू की तो वह तुर्की रेलवे स्टेशन के समीप सूनसान दुकानों में से एक दुकान के अंदर घायल अवस्था में मिला।
पिता ने बताया कि उनके बेटे के सर में गंभीर चोट के निशान थे। घायल अवस्था में वह अपने बेटे को उपचार के लिए रीवा अस्पताल ले गए जहां उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता का आरोप है कि उनके बेटे की धारदार हथियार से हत्या की गई है। वह वारदात की निष्पक्ष जांच और आरोपियों को पकड़ने की मांग कर रहे हैं।
*मौके पर पड़ा मिला बल्ड*
उधर, घटना की जानकारी होते ही एसडीओपी, टीआई रामपुर बघेलान समेत एफएसएल की टीम घटनास्थल पहुंची और मौका मुआयना किया। फोरेंसिक टीम को दुकान के अंदर ब्लड के निशान मिले है। फिलहाल पुलिस मौके से साक्ष्य इकट्ठा कर घटना की जांच कर रही है। टीआई संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम रीवा में ही तीन डाक्टरों की टीम द्वारा करा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अंतिम संस्कार के बाद परिजनों के बयान के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।