#राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती पर भाव समर्पण समारोह, सीएम योगी ने किया स्मृति सभागार का लोकार्पण
रायबरेली। प्रथम स्वाधीनता संग्राम के अमर नायक और अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को रायबरेली में ‘भाव समर्पण समारोह’ का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए और महान स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ₹21 करोड़ से अधिक की लागत से निर्मित राना बेनी माधव बख्श सिंह स्मृति सभागार का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों को विस्मृत कर देता है, उसका कोई भविष्य नहीं होता। उन्होंने कहा कि हमें अपने महान पूर्वजों की स्मृतियों को नमन करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए और राष्ट्र एवं समाज के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरों की विरासत केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ऐसे महापुरुषों के जीवन और संघर्ष से युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण की सीख मिलती है।