मोबाइल 10 मिनट हुआ अपडेट, उधर क्रेडिट कार्ड से उड़ गए ₹50 हजार! Google Play Gift Card खरीदने का मामला...
ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बंशीपुरा निवासी अमित पाल का मोबाइल अचानक अपडेट मोड में चला गया और करीब दस मिनट बाद जब फोन दोबारा ऑन हुआ, तो उन्हें एक अनजान नंबर से तीन मिस्ड कॉल मिलीं। इसी बीच ई-मेल के जरिए पता चला कि उनके SBI क्रेडिट कार्ड से Amazon Pay के माध्यम से 50 हजार रुपये के Google Play Gift Card खरीदे गए हैं। अमित ने पुलिस को बताया कि उन्होंने न तो ये गिफ्ट कार्ड खरीदे और न ही उनका इस्तेमाल किया। शिकायत के बाद मुरार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और लेन-देन से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।