हर दिन नया गड्ढा: ग्वालियर की सड़कें बनीं मौत का जाल, 24 घंटे में दूसरी जगह धंसी जमीन, फूटी सीवर लाइन...
ग्वालियर में सड़कों के धंसने की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। चेतकपुरी में सड़क धंसने के अगले ही दिन मंगलवार को शिंदे की छावनी की मुख्य सड़क पर जमीन अचानक बैठ गई, जिससे सीवर लाइन टूट गई और सड़क किनारे करीब पांच फीट गहरा गड्ढा बन गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में सड़क और सीवर संबंधी समस्याओं की शिकायतें लंबे समय से की जा रही थीं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में नाराजगी है, वहीं कांग्रेस नेता सुनील शर्मा भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्था पर सवाल उठाते नजर आए।