एक ही मंच से विभिन्न योजनाओं का लाभ एवं जनसमस्याओं के समाधान हेतु जनकल्याण शिविर आयोजित
बानमौर, मुरैना, अंबाह एवं पोरसा में प्राप्त आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण
शासन की मंशा के अनुरूप पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में लगातार जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में शनिवार को नगर पंचायत बानमौर, जनपद पंचायत मुरैना, नगर निगम मुरैना (टाउन हॉल), जनपद पंचायत अंबाह (पचासा मैदान) तथा जनपद पंचायत पोरसा (नागाजी तालाब के समीप) जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया गया।
शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों में नगर पंचायत बानमौर में 110, जनपद पंचायत मुरैना में 69, नगर निगम मुरैना में 43, जनपद पंचायत अंबाह में 1,220 तथा जनपद पंचायत पोरसा में 435 आवेदन शामिल रहे।
शिविरों में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा आवेदनों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर अधिकांश मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत लाभ भी वितरित किए गए। इस दौरान पेंशन स्वीकृति पत्रों सहित अन्य योजनाओं के हितलाभ प्रदान कर पात्र नागरिकों को लाभान्वित किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इन जनकल्याण शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
22 views | Morena, Madhya Pradesh | Jun 13, 2026