*310फीट ऊंची पहाड़ी से रैपलिंग कर शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के NSS स्वयंसेवकों ने दिखाया साहस*
जगदलपुर। हिमाचल प्रदेश के हाटकोटी में आयोजित राष्ट्रीय साहसिक शिविर (National Adventure Camp) में शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर, जगदलपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्वयंसेवकों ने अपनी साहसिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
शिविर के दौरान विश्वविद्यालय की NSS महादलनायिका धर्मी ठाकुर एवं स्वयंसेवक गोविन्द नाग ने लगभग 310 फीट ऊंची पहाड़ी से रैपलिंग (Rappelling) की रोमांचक गतिविधि में हिस्सा लेकर अदम्य साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया।
इस चुनौतीपूर्ण गतिविधि के माध्यम से स्वयंसेवकों ने जोखिम प्रबंधन, धैर्य, अनुशासन और आत्मविश्वास का अनुभव प्राप्त किया। हिमाचल प्रदेश की दुर्गम पहाड़ियों के बीच आयोजित यह साहसिक गतिविधि युवाओं के लिए रोमांच के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास का भी महत्वपूर्ण अवसर है।
राष्ट्रीय साहसिक शिविर में स्वयंसेवकों की यह सहभागिता बस्तर की युवा शक्ति, साहस और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित कर रही है।
शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय एवं बस्तर के लिए यह गौरव का विषय है।