सीआरपीएफ की जन्मस्थली नीमच में गरिमामय वातावरण में मनाया गया 88वां स्थापना दिवस
नीमच, 27 जुलाई 2026। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का 88वां स्थापना दिवस बल को जन्मस्थली नीमच स्थित ग्रुप केंद्र में उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। वर्ष 1939 में तत्कालीन क्राउन रिप्रेजेंटेटिव्स पुलिस के रूप में नीमच से प्रारंभ हुई सीआरपीएफ आज देश की आंतरिक सुरक्षा की सबसे सशक्त एवं विश्वसनीय सुरक्षा बलों में अग्रणी है। समारोह का आयोजन श्रीमती नीतू डी. भट्टाचार्य, महानिरीक्षक, सीआरपीएफ, मध्य प्रदेश सेक्टर मुख्यालय, भोपाल के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ महानिरीक्षक श्रीमती नीतू डी. भट्टाचार्य द्वारा शहीद पार्क में अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। इस अवसर पर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में चलाए गए पर्यावरण संरक्षण अभियान के अंतर्गत ग्रुप केंद्र एवं आसपास के क्षेत्रों में अब तक 8,888 विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जा चुका है। वहीं पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सीआरपीएफ, नीमच की 88 छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया।
इस अवसर पर संयुक्त अस्पताल, सीआरपीएफ, नीमच द्वारा नि:शुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें सीआरपीएफ कार्मिकों एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष अभियान के तहत सीआरपीएफ की गौरवगाथा से जुड़े विषयों पर चित्रकला, लघु वीडियो एवं क्विज जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें नीमच के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं आमजन ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति एवं सीआरपीएफ के गौरवशाली इतिहास का प्रभावी प्रदर्शन किया गया। इन प्रविष्टियों को MyGov पोर्टल पर भी अपलोड किया गया।
समारोह में ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) अनुपम शर्मा, उप महानिरीक्षक (सीटीसी) सीआरपीएफ नीमच, श्री प्रमोद कुमार सिंह, उप महानिरीक्षक (आरटीसी) सीआरपीएफ नीमच सहित रेंज कार्यालय, ग्रुप केंद्र, संयुक्त अस्पताल, प्रथम बटालियन एवं चतुर्थ सिग्नल बटालियन के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।
दिनभर आयोजित कार्यक्रमों के समापन पर ग्रुप केंद्र परिसर के सभी मेसों में पारंपरिक 'बड़ा खाना' आयोजित किया गया। अनुशासन, सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत इस आयोजन में अधिकारियों, जवानों, उनके परिवारजनों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। इस प्रकार सीआरपीएफ का 88वां स्थापना दिवस समारोह अत्यंत सफल, गरिमामय एवं यादगार रहा।
Jansampark Madhya Pradesh
Home Department of Madhya Pradesh
#CRPF #88thRaisingDay
#Neemuch
#नीमच