बुजुर्गों की देखभाल में सेवा के साथ संवेदना भी जरूरी : अंकुश मिगलानी
रेडक्रॉस वाइस चेयरमैन की हिदायत : वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल में कोई कमी न रहे
विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर वाइस चेयरमैन ने किया वृद्धाश्रम का दौरा, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
पंचकूला, 21 अगस्त: हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने कहा कि बुजुर्गों की देखभाल केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संवेदनशील सेवा का विषय है। इसलिए उनकी जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए।
वाइस चेयरमैन ने विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर पंचकूला स्थित जिला रेडक्रॉस सोसायटी के वृद्धाश्रम का दौरा किया। उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से संवाद किया और उनकी समस्याओं का जाना।
रेडक्रॉस वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेडक्रॉस द्वारा संचालित सभी वृद्ध आश्रमों में वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं और सहूलियतों का पूरा ध्यान रखा जाए। वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने आश्रम के स्टाफ को वरिष्ठ नागरिकों की विशेष आवश्यकताओं और देखभाल के लिए नियमित प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित स्टाफ बुजुर्गों को बेहतर सेवाएं और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में अधिक सक्षम होगा।
अंकुश मिगलानी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आश्रम की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने बुजुर्गों के लिए उपलब्ध खाने-पीने, रहने और अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दौरे के दौरान हरियाणा राज्य रेडक्रॉस के महासचिव डॉ. सुनील कुमार और संयुक्त सचिव सविता अग्रवाल सहित रेडक्रॉस की पूरी टीम मौजूद रही।