कोटा के बोरखेड़ा क्षेत्र में पुरानी रंजिश में युवक से सरेआम मारपीट
पहले मारी स्कूटी के टक्कर, फिर चार युवकों ने की जमकर मारपीट
थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक के साथ जमकर मारपीट की गई। कार सवार हमलावरों ने पहले युवक की स्कूटी को टक्कर मारी। इसके बाद लोहे के पाइप और चाकू से हमला कर दिया। इस बीच युवक को दोस्त जान बचाकर भाग गया। बोरखेड़ा थाना के एएसआई देवकरण चौधरी ने बताया कि घटना 10 दिन पुरानी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। घायल युवक इमरान ने अर्ष्यन अंसारी, हितेंद्र चौधरी, मयंक कारतूस, खुश अरोरा, यश पांचाल और आशु के खिलाफ नामजद शिकायत दी है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार- स्कूटी पर इमरान और उसका दोस्त अरशद सवार थे। होली फैमिली हॉस्पिटल के पास कार में आए बदमाशों ने दोनों से मारपीट की। घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने मारपीट का वीडियो बना लिया।
वीडियो में चार बदमाश युवकों के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। तीन बदमाशों के हाथ में लोहे के पाइप और चाकू थे, जबकि एक के पास पिस्टल भी थी।
हमले के दौरान अरशद अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकला। वहीं बदमाशों ने इमरान को पाइप से बुरी तरह पीटा। मारपीट में उसका एक हाथ और एक पैर फ्रैक्चर हो गया।
Sangod, Kota | Nov 6, 2026